हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। राज्य में बिलासपुर जिले के बीजापुर गांव से ताल्लुक रखने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राज्य में पार्टी की जीत के लिए बैठकों और प्रचार का सिलसिला शुरू करने जा रहे हैं। वह रविवार को हमीरपुर कस्बे के बारू में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सभी नर्विाचित प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। भाजपा के मुख्य चुनाव रणनीतिकार सौदान सिंह और स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी बैठक में शामिल होंगे।
भाजपा के सूत्रों ने बताया कि इस बार फतेहपुर ,जवाली तथा नुरपुर में पार्टी 'करो या मरो' की नीति अपनाएगी। पिछले कई बर्षो से पार्टी को फतेहपुर में चकमा लग रहा है लेकिन अब कार्यकर्ताओं और लोगों को लुभाने के लिए क्षेत्र के सभी हिस्सों पर पार्टी मजबूती से काम करने की नीति बना रही है दूसरी ओर नूरपुर में राकेश पठानिया खुद मंत्री हैं लेकिन भाजपा का एक गुट रणवीर सिंह निक्का की पैरवी कर रहा है और सरेआम मंत्री का विरोध हो रहा है। जवाली में विधायक अर्जुन ठाकुर स्वंय अपनो के विरोध में है क्योंकि उधर संयज गुलेरिया ने भी दावेदारी ठोकी है हालांकि पार्टी टिकट बंटवारे के मामले में शुरुआती दिक्कतों का सामना कर रही है। कार्यकर्ताओं का एक वर्ग नूरपुर से निक्का को समर्थन दे रहा है , फतेहपुर में कार्यकर्ता 5 गुटों में बंटे हैं तो वहीं जवाली में अर्जुन ठाकुर का विरोध भी अपने कार्यकर्ताओं द्वारा जारी है और संजय गुलेरिया के लिए टिकट मांग हो रही है।