Hot Widget

Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री ने कहा सिरमौर वालो... मैंने अपना फर्ज पूरा कर दिया, अब भांजों की बारी

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में भावुक होकर कहा कि सिरमौर वालो, मामा ने अपना फर्ज पूरा कर दिया है। अब भांजों की बारी है। मुख्यमंत्री बोले - मुझे मामा कहकर सिरमौर के लोगों ने मेरे साथ एक रिश्ता बना दिया है। उन्हें मामा संबोधन बहुत अच्छा लगा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिलने के बाद यह सामान्य काम नहीं हुआ है।यह सिरमौर के लोगों की अगली पीढ़ियों के लिए भी बहुत बड़ा काम हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर काम का फालोअप करती है, मगर इस मसले पर सबसे ज्यादा किया गया है। पीटरहॉफ शिमला में इससे पहले हाटी समुदाय के लोगों ने बाहर प्रांगण में नाटी पर भी नृत्य किया और लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सम्मानित किया और इस उपलब्धि के लिए उनका धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि शिलाई से भाजपा के पूर्व विधायक बलदेव तोमर उनसे रोज संपर्क में रहते थे। वह हर रोज उन्हें व्हाट्सएप पर संदेश भेजते थे। उन्होंने तो इतना तक कह डाला था कि अगर हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा नहीं दिया गया तो उन्हें टिकट ही न दिया जाए। वह इस मसले पर बहुत भावुक थे। पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी और पच्छाद की विधायक रीना कश्यप भी उनसे लगातार इस बारे में बात करते रहे। 

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान कई भ्रम जान-बूझकर खड़े किए जा रहे हैं, जबकि सरकार की मंशा सेवा करने की रही है। सीएम ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकारों ने इस बारे में कभी भी गंभीरता नहीं दिखाई। मई 2005 में भी प्रदेश सरकार ने प्रस्ताव भेजा, मगर उसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व की सरकार ने फिर प्रयास किए।

4 अगस्त 2018 को उन्होंने खुद केंद्रीय गृह मंत्री से निवेदन किया। चार दिन पहले भी उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से बात की कि यह बुधवार की कैबिनेट में जाना चाहिए। इसके बाद यह मामला चला भी गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, अनुराग ठाकुर आदि का इसके लिए आभार जताया।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Below Post Ad