भारतीय सेना में तैनात हिमाचल के सिरमौर जिला का जवान 25 साल की उम्र में ही दुनिया छोड़ गया। बीती शाम को जवान ने चंडी मंदिर में स्थित सैनिक अस्पताल में अंतिम सांस ली। यह जवान सचिन शर्मा पुत्र देव स्वरूप सिरमौर जिला के उपमंडल पच्छाद के नावल गांव का रहने वाला था। जवान का आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
तीन माह से अस्पताल में भर्ती था जवान
बता दें कि जवान फरवरी माह में ड्यूटी पर लौटते समय ट्रेन में लूटपाट कर रहे लोगों से भिड़ गया था। जिस पर लुटेरों ने उन्हें चलती ट्रेन से फेंक दिया था। उसके बाद से जवान अस्पताल में भर्ती था। तीन माह से भी अधिक समय तक अस्पताल में रहने के बाद भी जवान जिंदगी की जंग हार गया। जवान सचिन शर्मा अभी मात्र डेढ माह पहले ही एक बच्ची का बाप बना था।
परिवार का कहना है 6 अप्रैल 2023 को सचिन के घर में बेटी का जन्म हुआ था। उन्होंने बताया कि 20 मई तक सचिन ठीक थाए लेकिन उसके बाद उसका स्वास्थ्य बिगड़ता चला गया और बीती शाम को उसकी मौत हो गई। सचिन के घर में उसकी डेढ़ माह की बेटी के अलावा पत्नी नेहा शर्मा, मां कमलेश देवी और एक बहन है, जो कॉलेज में पढ़ती है। बताया जा रहा है कि जवान सचिन शर्मा 72 टैंक रेजीमेंट से 4 राष्ट्रीय राइफल्स में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहा था। वह 20 फरवरी को ही एक माह की छुट्टी काट कर वापस अपनी ड्यूटी को ट्रेन से जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन में तीन लुटेरों ने यात्रियों से लूटपाट और महिलाओं से छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। जिसे जवान सचिन सहन नहीं कर पाया और अकेले ही उन लुटेरों से भिड़ गया।
लुटेरों ने चलती ट्रेन से फेंक दिया था फौजी
इन लुटेरों ने जवान के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया और उसे घायल कर चलती ट्रेन से फेंक दिया। रात भर पटरी के पास पड़े रहने के बाद उसे सुबह स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। लूटपाट में लुटेरे फौजी का पर्स और अन्य सामान के साथ उसकी वर्दी भी ले गए थे। जिसके बाद से जवान चंडी मंदिर अस्पताल में भर्ती था।वहीं इस पर सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन ने बताया कि सैनिक सचिन शर्मा की पार्थिव देह मंगलवार शाम तक उनके पैतृक गांव में पहुंच जाएगी। जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए 15 हजार की राशि जारी कर दी गई है और जल्द ही 5 लाख रुपए की राशि का चैक भी जवान के परिजनों को दिया जाएगा।