पिछले दो बर्षों से कांग्रेस सरकार बनने के बाद सोशल मीडिया और राजनीति से दूर रहने वाले पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के काम न होने पर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। नीरज भारती ने कहा की पहले विपक्ष में हम भाजपा से लड़ते रहे लेकिन अब कांग्रेस सरकार के समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के काम ना होना बहुत ही निराशाजनक है। उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस की सरकार में कांग्रेसियों के काम नहीं हो रहे हैं तो हम जनता को क्या जबाव दें। भारती ने कहा कि भारत में भाजपा आर्थिक और कार्यकर्ताओं के रूप में काफी मजबूत है लेकिन इसके बावजूद भी हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल कर कांग्रेस की सरकार बनाई है। लेकिन सरकार में कांग्रेसियों के ही काम नहीं हो पा रहे हैं जिससे कांग्रेसी कार्यकर्ता हताश हो गए हैं। उन्होंने कहा की कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जो रिश्तेदार या घरवाले भाजपा कार्यकाल में प्रताड़ित करने के लिए दूरदराज ट्रांसफर करके भेजे गए थे आज कांग्रेस सरकार उनको वापिस नहीं ला पा रही है। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में भी अभी कांग्रेस काफी पिछड़ी हुई है।