अनिल शर्मा (Fatehpur)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को दिल्ली से लौटने के बाद पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे और वहां से सीधे चंबा के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले कांगड़ा जिले के फतेहपुर और इंदौरा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर उन्होंने कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा और पुलिस अधिकारी अशोक रतन से मुलाकात की। यहां उन्होंने कांगड़ा जिले में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य और तेज़ करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने चंबा जिले के भरमौर और मणिमहेश सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री अपने साथ चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से राशन, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी राहत सामग्री भी लेकर गए हैं, ताकि तुरंत जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाई जा सके। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराना है।