NEET परीक्षा लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को शिमला के माल रोड पर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक SFI कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और वाहनों में भरकर बालूगंज थाने ले जाया गया।
प्रदर्शन के दौरान SFI कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के कारण लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है।
SFI हिमाचल प्रदेश के राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से परीक्षाएं आयोजित कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को बचाने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
SFI नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्र आंदोलन को और तेज किया जाएगा ।
