Hot Widget

Type Here to Get Search Results !

केजरीवाल जल्द करेंगे “आप”का हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री चेहरा घोषित - Times Of Himachal

आम आदमी पार्टी का हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री चेहरा जल्द घोषित होगा। मंडी में छह अप्रैल को केजरीवाल की प्रस्तावित रैली में इसका एलान हो सकता है। आप के चुनावी एजेंडे से भी हिमाचल की जनता इसी दिन रूबरू होगी। यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शेर सिंह ठाकुर ने बुधवार को नेरचौक में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। कहा कि पंजाब चुनाव नतीजों के बाद हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी से दो लाख पचास हजार से अधिक कार्यकर्ता जुड़ चुके हैं। आप की जब हवा चलती है तो सबसे पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी ही डोल जाती है। पार्टी पूरे हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ेगी तथा सरकार बनाएगी। हिमाचल की राजनीति में आने वाले छह अप्रैल को नया इतिहास रचा जाएगा।

आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली हुई पार्टी है। नेताओं के तानों को सुनने के बाद चुनौती के तहत यह पार्टी बनी है। हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला होता है, मगर वे खुशफहमी में हैं। उन्हें मालूम होना चाहिए कि दिल्ली में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच ही मुकाबला होता था। आज दिल्ली के बाद पंजाब में भी आप की सरकार बनी है। पहले यह कहा जाता था कि आप केवल दिल्ली की ही पार्टी है जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करके दिखाए। जब आप की सरकार ने सारे वादे पूरे किए तो दुनिया भर के लोग विकास देखने आने लगे। अब राजनीति में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। लोगों में आम आदमी पार्टी से उम्मीद जगी है। उनके साथ बल्ह विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष राकेश रावत, एससी मोर्चा के अध्यक्ष धनदेव मौजूद रहे।

आम आदमी पार्टी की 6 अप्रैल को मंडी में होने वाली रैली को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने हिमाचल की ओर रुख कर दिया है। वीरवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता कांगड़ा आ रहे हैं। इस दौरान व पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस पार्टी से रुष्ट नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। बुधवार को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अनूप केसरी ने मंडी में राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल के रोड शो को लेकर पदाधिकारियों के साथ बैठक की है। 

आम आदमी पार्टी मंडी रोड शो में 30 हजार के करीब लोगों के उमड़ने का दावा कर रही है। रैली को सफल बनाने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र से बसों में लोग लाए जाने हैं। अरविंद केजरीवाल 6 अप्रैल को ही मंडी में विधानसभा चुनाव लड़ने की हुंकार भरेंगे। हाईकमान ने प्रदेश पार्टी पदाधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वह 5 अप्रैल तक ज्यादा से ज्यादा लोगों को सदस्य बनाएं। इसके अलावा जैसे जैसे लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं, उन्हें जिम्मेदारी देने को कहा है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अनूप केसरी ने बताया कि दो वरिष्ठ नेता आज कांगड़ा जा रहे हैं। इस दौरान वह कई लोगों से मुलाकात करेंगे। 

आम आदमी पार्टी की रैली में कई लोग शामिल होने हैं। भाजपा और कांग्रेस पार्टी के कई नेता आप के संपर्क मेें हैं। इनकी लगातार दिल्ली में केजरीवाल से बात हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Below Post Ad