हिमाचल के सिरमौर (Sirmaur) जिला से एक बहुत ही हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां तीन बच्चों (Three Children) को जन्म देने वाले माता-पिता दंपति आज निसंतान हो गए। मात्र पांच साल में इस दंपति (Couple) के तीनों बच्चों को एक-एक कर काल ने अपना निवाला बना लिया। यह हृदय विदारक मामला सिरमौर जिला के शिलाई से सामने आया है। घर के आखिरी चिराग बुझने के बाद माता-पिता बेसुध से हो गए हैं। उनका रो-रो कर बुरा हाल है। दरअसल शिलाई (Shillai) के दूर-दराज अजरोली पंचायत के गांव जासवी निवासी दुलाराम और सत्या देवी के घर में एक एक कर तीन बच्चों ने जन्म लिया। तीनों संतानों के दिल में जन्म से ही छेद था। करीब 4 साल पहले 16 साल की उम्र में इस दंपति की सबसे बड़ी बेटी मोहिमा की मौत हो गई। वहीं दो साल पहले 15 वर्ष की उम्र में बेटे रोहित ने दम तोड़ दिया।
दोनों की मौत के सदमे से अभी माता-पिता उभरे भी नहीं थे कि घर के आखिरी चिराग संजय ने भी उनका साथ छोड़ दिया। घटना के बाद जहां क्षेत्र में गमगीन माहौल हैए वहीं लोग हैरान हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चों के दिल में जन्म से ही छेद था। तीनों का इलाज (Treatment) चंडीगढ़ से चल रहा था। बच्चे शारीरिक रूप से हष्ट पुष्ट और सुंदर दिखते थे। पंचायत की बीडीसी सदस्य प्रियंका ठाकुर ने बताया कि उनकी पंचायत में ऐसी दर्दनाक घटना हुई है,जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है। मां-बाप का रो-रोकर बुराहाल है। ऐसा नहीं है कि मां-बाप ने इलाज नहीं करवाया। लेकिन, तीनों बच्चे बच नहीं सके। ग्रामीण परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। हृदय विदारक घटना से बच्चों से लेकर बुजुर्ग और महिलाओं की आंखों में आंसू हैं।