हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से सड़क हादसे की दर्दनाक खबर मिली है। झुलाड़ा पंचायत के माणी गांव के नजदीक टरिरू मोड़ के पास एक बोलेरो कैंपर हादसे का शिकार हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दो महिलाओं समेत एक बच्चे की मौत हो गई है। तीन महिलाएं व चार बच्चे जख्मी बताए गए हैं।ये जानकारी सामने आ रही है कि परिवार दुआट महादेव मंदिर से माथा टेक कर वापस राजपुरा गांव आ रहा था। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हुई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि तमाम मृतक व घायल एक ही कुटुम्ब से ताल्लुक रखते हैं।
घटनास्थल पर ग्रामीणों द्वारा राहत व बचाव कार्य किया जा रहा है। घायलों को 108 की मदद से चंबा मेडिकल कॉलेज लाया जा रहा है। हादसे के कारणों का खुलासा होने में कुछ वक्त लगेगा। घटनास्थल पर पुलिस पहुंच चुकी है। घटनास्थल से मिली तस्वीरों में जाहिर हो रहा है कि खाई में लुढ़कने के बाद बोेलेरो कैंपर पेड़ से भी टकराई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बोलेरो कैंपर में बच्चों सहित राजपुरा गांव के 10 लोग मंदिर से माथा टेक कर वापस लौट रहे थे। तीन की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घायलों को चंबा मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया है।