अनिल शर्मा (फतेहपुर)
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो धर्मशाला की टीम ने तहसील फतेहपुर में मृदा संरक्षण विभाग में सेवारत जूनियर ड्राफ्ट्समैन विवेक कुमार को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। इसने सब्सिडी जारी करने की एवज में एक लाभार्थी से घूस मांगी थी। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस की ओर से आगामी कार्रवाई जारी है। कांगड़ा के एसपी विजिलेंस बलबीर सिंह ने बताया कि विवेक कुमार ने रघुबीर सिंह की 1 लाख 10 हजार रुपये की सब्सिडी जारी करने के लिए रिश्वत की मांग की थी। इसकी शिकायत अनिल कुमार ने विजिलेंस से की थी। अनिल कुमार बोरवेल फर्म में सुमित कुमार के साथ काम करता है, जिन्होंने सितंबर, 2023 में रघुबीर सिंह का बोरवेल लगाया था, लेकिन संबंधित कर्मचारी लाभार्थी की सब्सिडी जारी नहीं कर रहा था। इसकी शिकायत अनिल कुमार ने विजिलेंस से की थी। शिकायत में कहा गया है कि विवेक कुमार ने सब्सिडी जारी करने की एवज में 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जाल बिछाकर बुधवार को आरोपी विवेक कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ धर लिया। एसपी विजिलेंस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज करके आगामी छानबीन जारी है।