ऊना (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 50 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत हो गई। यह हादसा ऊना के पास भड़ौलियां क्षेत्र में हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक भेड़पालक अपने झुंड को लेकर रेलवे ट्रैक पार करवा रहा था। उसी समय दिल्ली से दौलतपुर चौक जा रही हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन वहां पहुंच गई। इससे पहले कि झुंड को पटरी से हटाया जा सके, ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई और दर्जनों भेड़-बकरियां ट्रेन के पहियों के नीचे आकर कट गईं।
घटनास्थल का दृश्य था भयावह
हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास का दृश्य बेहद दर्दनाक था। ट्रैक पर दूर-दूर तक खून फैला हुआ था और कई भेड़-बकरियों के अंग इधर-उधर बिखरे पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
लाखों का नुकसान, लेकिन सामने नहीं आया भेड़पालक
बताया जा रहा है कि इस हादसे में भेड़पालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, अभी तक किसी भी भेड़पालक ने रेलवे पुलिस या प्रशासन के पास लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।
सूत्रों के अनुसार, रेलवे नियमों के तहत रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करना प्रतिबंधित है। माना जा रहा है कि इसी कानूनी कार्रवाई और जुर्माने के डर से भेड़पालक सामने नहीं आ रहा है।
पुलिस कर रही जांच
रेलवे पुलिस ने इस मामले में अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह भेड़-बकरियों का झुंड किस भेड़पालक का था।
