हरियाणा के पंचकूला में चल रही खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिमाचल प्रदेश की पुरुष कबड्डी ने इतिहास रच दिया है। टीम ने स्वर्ण पदक हिमाचल की झोली में डाला है। फाइनल में हिमाचल ने हरियाणा को संघर्षपूर्ण रहे मुकाबले में टाईब्रेकर में हराया। अंतिम समय तक स्कोर 34-34 रहा। इसके बाद टाईब्रेकर करवाया गया। इसमें हिमाचल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही इस प्रतियोगिता में हिमाचल ने मेडल का खाता भी खोल दिया है। यह पहली बार है जब पुरुष टीम ने किसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। टीम ने प्रतियोगिता की शुरूआत से दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।
हरियाणा के साथ मुकाबला रोमांचक रहा। दोनों टीमें अंत समय तक बराबरी पर रही। हिमाचल की टीम की ओर से शिवांश ने बेहतरीन खेल दिखाया। इसके अलावा खेमेंद्र सिंह, प्रियांक चंदेल, कुनाल मेहता, लवप्रीत सिंह, विक्रम सिंह, पीयूष कौशिक, रमन सिंह, रजत चौधरी, जतिन राणा, अनुज राणा, हिमांशु बाचटा ने दमदार खेल दिखाया। टीम के कोच संजीव कुमार के मार्गदर्शन में खेलते हुए टीम ने यह उपलब्धि हासिल की है। टीम के जीतने के बाद केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंचकूला में सदस्यों के साथ मुलाकात की और जीत पर बधाई दी। खेल और युवा सेवाएं विभाग के राजेश शर्मा ने कहा कि टीम ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया। उन्हें उम्मीद है कि प्रतियोगिता में दूसरे खिलाड़ी भी सराहनीय प्रदर्शन करेंगे।