कृषि मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार ने अपनी ही पार्टी के हाईकमान पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन पैरालाइज्ड हो गया है। कांग्रेस ने दिल्ली चुनाव गंभीरता से नहीं लड़ा। चंद्रकुमार सचिवालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन को साथ साथ चलना चाहिए। हिमाचल में तीन महीने से कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग है। नए संगठन को लेकर हाईकमान ने कोई आदेश नहीं दिए और न ही नया संगठन बनाने के लिए कमेटियां गठित की गई हैं।उन्होंने कहा-संगठन के बगैर चुनाव कैसे संभव होगा। हिमाचल में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चंद्र कुमार ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली चुनाव पूरी गंभीरता से नहीं लड़ा। जब चुनाव की घोषणा हो जाती है, तब टिकट थमाकर चुनाव लड़ने भेज दिया जाता है। दिल्ली के रिजल्ट को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हमारा संगठन ही मजबूत नहीं होगा तो चुनाव कैसे लड़ेंगे।